लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: पूर्व सांसद
बेरमो
गिरीडीह के पूर्व सांसद रविन्द्र कुमार पांडेय ने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन की सरकार भाजपा युवा मोर्चा के आक्रोश रैली में बर्बरतापूर्ण कार्रवाई कर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा तब तक शांत नहीं बैठेगी जब तक इस सरकार को उखाड़ नहीं फेंक देती है.
श्री पांडेय फुसरो में भाजपा मंडल द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल के समीप झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जलाए जाने के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि रांची में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आक्रोश रैली था. इसी दौरान पुलिस बल प्रयोग किया और कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले दागे गए और लाठी चार्ज किया गया. आंसू गैस और पानी की बौछार से युवाओं को तितर-बितर कर दिया गया. उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के साथ बर्बरता से पेश आकर उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया है. मौके पर भाजपा नेता प्रकाश कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष बिनोद महतो, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवीदास, और फुसरो नगर मंडल के महामंत्री टुनटुन तिवारी और रमेश स्वर्णकार सहित कई प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे. इसके अलावा, भाजयुमो नेता सुमित सिंह, सूरज सिंह राठौर, ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष चंदन राम और श्रीकांत सिंह यादव समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
