बेरमो: सीसीएल कथारा महाप्रबंधक कार्यालय में सतर्कता जागरूकता अभियान को लेकर बैठक
वी भारती/ कथारा
सीसीएल कथारा क्षेत्र के सभी विभागाध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को कथारा महाप्रबंधक के सभागार में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार ने की. इस बैठक में जयंत कुमार, स्टाफ ऑफिसर (कार्मिक एवं प्रशासन), सी. बी. तिवारी, स्टाफ ऑफिसर (सुरक्षा एवं बचाव), जी. नाथ, स्टाफ ऑफिसर (सामग्री प्रबंधन),अर्जुन प्रसाद, स्टाफ ऑफिसर (योजना एवं उत्पादन), विजय कुमार, संजय सिंह, सुनील कुमार गुप्ता, श्याम सुंदर पाल, और अन्य विभागाध्यक्षों ने भाग लिया.
बैठक का मुख्य उद्देश्य 16 अगस्त 2024 से 15 नवंबर 2024 तक चलने वाले तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की विचार विमर्श किया गया. इस अभियान का उद्देश्य कर्मियों एवं आम जनता में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिकता के मूल्यों का प्रसार करना है. अभियान के नोडल अधिकारी चंदन कुमार ने बैठक में अभियान के विभिन्न चरणों और उनके अंतर्गत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
इस दौरान चंदन कुमार ने बताया कि इस तीन महीने के अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्कूली और कॉलेज के छात्रों के बीच पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन, स्लोगन लेखन, क्विज़ और खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं. इसके अलावा, वृक्षारोपण अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, ग्राम सभा, नुक्कड़ नाटक, और क्षमता निर्माण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. इन सभी गतिविधियों का उद्देश्य कर्मियों और समुदाय में नैतिकता और सत्यनिष्ठा की भावना को बढ़ावा देना है.
इस अवसर पर महाप्रबंधक संजय कुमार ने कहा, “सतर्कता जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता में सत्यनिष्ठा और नैतिकता के महत्व को समझाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है. हमारा लक्ष्य केवल भ्रष्टाचार पर नियंत्रण करना नहीं है, बल्कि एक ऐसे समाज का निर्माण करना है जहां सत्य और ईमानदारी के सिद्धांतों का पालन हो. हमें गर्व है कि कथारा क्षेत्र इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहा है, और हम अपने कर्मचारियों के साथ-साथ समुदाय के सदस्यों को भी इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे.
श्री कुमार ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों में इन गतिविधियों का समुचित आयोजन सुनिश्चित करें और इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरे प्रयास करें. उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल कर्मचारियों में नैतिकता का विकास करेंगे, बल्कि पूरे समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेंगे.
बैठक में उपस्थित सभी विभागाध्यक्षों ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई और आश्वासन दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे. बैठक का समापन अभियान के सफल क्रियान्वयन के संकल्प के साथ किया गया.
