Homeबोकारोबेरमो: फिर हुई चार घरों में चोरी, पुलिस से उठ रहा है...

बेरमो: फिर हुई चार घरों में चोरी, पुलिस से उठ रहा है भरोसा

बेरमो: फिर हुई चार घरों में चोरी, पुलिस से उठ रहा है भरोसा

Kathara: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह कॉलोनी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय निवासियों में भय और असुरक्षा की भावना को गहरा कर दिया है. गुरुवार को सुबह जैसे ही लोगों को चोरी की घटनाओं का पता चला, वहां भीड़ जमा हो गई. जानकारी के अनुसार, जारंगडीह में चार घरों में चोरी की वारदातें हुईं, जिनमें सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मी, शिक्षक, और अन्य लोग शामिल हैं. चोरों ने घरों के ताले तोड़कर अलमीरा और बक्शे को बिखेर दिया और कीमती सामान चुरा ले गए.

जानकारी के अनुसार जारंगडीह 12 नम्बर कॉलोनी के सेवानिवृत्त महिला सीसीएल कर्मी के चंद्रा के आवास का ताला तोड़कर अलमीरा में रखे सामान सहित घरों में मिट्टी के चुक्के में रखे पैसे चोरी कर ले गए. इसी कॉलोनी के कन्हाय रजक के घर भी ताला को तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है.
जारंगडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय के शिक्षक मनीष कुमार के घर चोरों ने जमकर उत्पाद मचाया. जारंगडीह न्यू शास्त्री नगर रिभर साईड में सीसीएल कर्मी मुकेश गोप के आवास में भी चोरी की घटना हुई है. मुकेश ने बताया कि वह रात्रि पाली के ड्यूटी पर गया था. सुबह लौटा तो देखा कि दरवाजा का कूंडी टूटा हुआ है. घर पर सामान बिखरे पड़े हैं. सोनम के घर से मोबाइल चोरी करने का मामला सामने आया.

घटनाओं की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस सक्रिय हो गई, लेकिन इन घटनाओं की लगातार बढ़ती संख्या से लोगों का पुलिस पर से भरोसा उठने लगा है. सिर्फ जारंगडीह क्षेत्र में 19 अगस्त से लेकर अब तक करीब 12 घरों में चोरी हो चुकी है. पुलिस ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाओं पर काबू नहीं पाया जा सका है, जिससे स्थानीय लोग निराश हैं.

चोरी की इन घटनाओं के दौरान कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां कैद हो गई हैं. फुटेज में तीन लोग नकाब पहनकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते दिख रहे हैं. पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर गहराई से जांच कर रही है, लेकिन इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय निवासियों के बीच चिंता और अविश्वास की स्थिति पैदा कर दी है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!