बेरमो: शिक्षक दिवस के अवसर पर पिट्स स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम
Gomia: पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया में शिक्षक दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सबसे पहले विद्यालय के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास का फूलों की गुलदस्ता देकर स्वागत किया. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई, जिसके बाद प्राचार्य और शिक्षकों ने भारत के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्पार्पण किया.
विद्यार्थियों ने इस अवसर पर विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. छात्रा भाविका जैन ने हिंदी में और रुद्राणी ने अंग्रेजी में भाषण दिया। इसके अलावा, विद्यार्थियों ने नृत्य और गायन की प्रस्तुति भी दी. मंच संचालन कुमारी ईशिका और यामिनी सिंहा ने किया.
विद्यालय के प्राचार्य ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक एक मोमबत्ती की तरह होते हैं, जो स्वयं जलकर दूसरों को रोशनी प्रदान करते हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षक न केवल ज्ञान देते हैं, बल्कि चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अरिंदम दास गुप्ता ने इस अवसर पर शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया और शुभकामनाएँ दीं. उन्होंने और अभिषेक विश्वास, वरिष्ठ प्रबंधक, मैन्युफैक्चरिंग सेंटर ओरिका, गोमिया, ने शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन से अज्ञानता का अंधकार दूर कर उन्हें ज्ञान के प्रकाश से प्रकाशित करते हैं.
इस आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक और शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे, और सभी ने इस विशेष दिन को मिलकर मनाया.
