गोमिया प्रखंड मुख्यालय में दिव्यांग जनों के लिए कृत्रिम अंग वितरण शिविर का आयोजन
Gomia: गोमिया प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को नीति आयोग, भारत सरकार के सौजन्य से दिव्यांग जनों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का उद्देश्य दिव्यांग जनों को उनकी जरूरत के मुताबिक कृत्रिम अंग प्रदान करना था. शिविर का शुभारंभ अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार महतो की उपस्थिति में हुआ.
शिविर के दौरान प्रखंड से आए 35 दिव्यांग जनों का पंजीकरण किया गया. हालांकि, अंचलाधिकारी ने बताया कि कुछ लोगों का पंजीकरण उनकी मेडिकल जांच रिपोर्ट उपलब्ध न होने के कारण नहीं हो सका. इन लोगों के लिए जल्द ही एक मेडिकल जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा, ताकि वे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकें। पंजीकरण किए गए दिव्यांग जनों को पंद्रह दिनों के भीतर कृत्रिम अंग प्रदान किए जाएंगे.
इस मौके पर प्रमुख प्रमिला चौड़े, नीति आयोग के सदस्य शशि कुमार, एलिमको के सदस्य नीतीश कुमार सहित कई पंचायत के मुखिया एवं पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित थे. सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे दिव्यांग जनों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया.
