बेरमो: पिट्स मॉडर्न स्कूल के शिक्षक को गुरु वशिष्ठ सम्मान से नवाजा गया
Gomia: पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया के शिक्षक अजय कुमार को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए गुरु वशिष्ठ सर्वश्रेष्ठ शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया गया. यह सम्मान समारोह डॉ. एस. राधाकृष्णन सहोदया के तत्वावधान में रेनबो पब्लिक स्कूल, चीराचास में आयोजित किया गया. इस अवसर पर पिट्स मॉडर्न स्कूल के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास भी उपस्थित थे.
मुख्य अतिथि द्वारा अजय कुमार को प्रमाण-पत्र, शॉल, और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. उन्हें यह पुरस्कार उनकी ईमानदारी, लगन, और कड़ी मेहनत के कारण प्रदान किया गया. प्राचार्य बृजमोहन लाल दास ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि शिक्षक समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, और उनके योगदान से न केवल छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है, बल्कि देश के विकास में भी अहम भूमिका निभाई जाती है.
इसके अलावा, अभिषेक विश्वास, वरिष्ठ प्रबंधक, मैन्युफैक्चरिंग आई.पी.एल. ओरिका, गोमिया, और विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अरिंदम दास गुप्ता ने भी अजय कुमार को बधाई दी और कहा कि गुरु के कुशल मार्गदर्शन में ही शिष्य जीवन पथ पर आगे बढ़ते हैं. विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी इस सम्मान के लिए अजय कुमार को बधाई और शुभकामनाएँ दीं.
