बेरमो: सड़क दुर्घटना में कानीडीह निवासी की मौत, सड़क जाम
बेरमो
बेरमो स्टेशन के पास मंगलवार शाम लगभग 4 बजे हुई एक सड़क दुर्घटना में चलकरी दक्षिणी पंचायत के कानीडीह ग्राम निवासी 45 वर्षीय लाल कुमार मुरमू की मौत हो गई. वे जरीडीह बाजार से सिलाई सामग्री लेकर लौट रहे थे. उनकी बाइक को एक अज्ञात मारुति वैन ओमनी ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद ओमनी वैन फरार हो गई. इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क जाम कर दिया.
घटना की जानकारी मिलने पर गांधीनगर थाना प्रभारी पिंटू कुमार महथा, बेरमो इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह, और बेरमो अंचलाधिकारी संजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. इसके साथ ही कई राजनीतिक और सामाजिक नेता भी वहां पहुंचे, जिनमें झामुमो के बोकारो जिला अध्यक्ष हीरालाल मांझी, बेरमो प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी, कांग्रेस नेता प्रवेश अख्तर, भाजपा नेत्री अर्चना सिंह, और पंचायत के मुखिया अखलेश्वर ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य इंद्रजीत मंडल, चलकरी दक्षिणी पंचायत के मुखिया दुर्गा मांझी, झामुमो के भोलू खान रंजीत महतो जेबीकेएसएस के कमलेश महतो, सोनाराम मुर्मू, प्रमोद शर्मा, अशोक मंडल, अरुण गिरी, मोहन माझी, सुरेश मांझी, राजेश शर्मा, निमाई मंडल, झामुमो के दीपक महतो सहित काफी संख्या में ग्रामीण शामिल थे.
बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने मृतक के परिवार को अपने निजी कोष से 50 हजार रुपये की सहायता भेजी, जबकि प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये दिए गए. प्रशासन ने मृतक की पत्नी को हिट एंड रन योजना के तहत 3 लाख रुपये का मुआवजा, विधवा पेंशन, अबुआ आवास, बच्चों की मुफ्त शिक्षा, और घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर लगाने का आश्वासन दिया.
घटना के बाद 8 बजे रात तक सड़क जाम रहा, लेकिन मुआवजे की घोषणा के बाद रात 8:30 बजे शव को सड़क से उठाया गया. अगले दिन सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा.
