बेरमो: माकपा नेता सीताराम येचुरी के निधन पर शोक सभा का किया गया आयोजन
गोमिया/कथारा
गोमिया में माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) लोकल कमेटी के नेतृत्व में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सदस्य कामरेड सीताराम येचुरी के निधन पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई. इस कार्यक्रम में माकपा के कई प्रमुख नेता, जिनमें राज्य सचिव मंडल के सदस्य कामरेड रामचंद्र ठाकुर और जिला सचिव मंडल के सदस्य प्रदीप कुमार विश्वास शामिल थे, ने हिस्सा लिया.
कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं ने कामरेड सीताराम येचुरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके सम्मान में एक मिनट का मौन रखा. श्रद्धांजलि देते हुए कामरेड रामचंद्र ठाकुर ने कहा कि कामरेड येचुरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से छात्र नेता के रूप में की थी और अपने पूरे जीवन को देश के मजदूरों और किसानों के आंदोलन को नेतृत्व देने के लिए समर्पित कर दिया. उनके निधन को पार्टी, वामपंथी आंदोलन, और देश के जनवादी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति बताया.
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य नेताओं ने भी कामरेड येचुरी के व्यक्तित्व और उनके योगदान पर प्रकाश डाला. जिला सचिव मंडल के सदस्य प्रदीप कुमार विश्वास ने कहा कि कामरेड येचुरी ने मार्क्सवाद को गहराई से समझा और उनकी इस समझ ने उन्हें देश और दुनिया में एक विशिष्ट पहचान दिलाई. उनके निधन को एक अविश्वसनीय घटना बताते हुए, उन्होंने कहा कि कामरेड येचुरी आज भी देश के तमाम मेहनतकश अवाम के दिलों में जिंदा रहेंगे.
इस श्रद्धांजलि सभा में अन्य माकपा नेताओं के साथ-साथ विनय महतो, विनय स्वर्णकर, भोला स्वर्णकार, अजय कुमार, केशु कुमार, सुरज कुमार, राजकुमार मल्लाह, बैजनाथ ठाकुर, माधव चौधरी, और मनोज रवानी जैसे कार्यकर्ता भी उपस्थित थे.
भारतीय राजनीत का विशालकाय स्तंभ थे सीताराम येचुरी- भागीरथ शर्मा
जारंगडीह सीटू कार्यालय में सीपीएम के अखिल भारतीय महासचिव का सीता राम येचुरी का आकस्मिक निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया. सभा को संबोधित करते हुए सीपीएम के बोकारो जिला सचिव सह राज्य कमिटी सदस्य भागीरथ शर्मा ने कहा कि वर्तमान भारतीय राजनीति में सीताराम येचुरी विशालकाय स्तंभ थे साथ ही वाम राजनीतिक धारा में दुनिया के सबसे कद्दावर नेताओं में से एक थे .उनके निधन से भारत और दुनिया के मेहनतकश आवाम को अपूरणीय क्षति हुई है. वे उच्च कोटी के विद्वान, लेखक और कई भाषाओं के जानकार तथा श्रेष्ठ सांसद भी रहे. उनकी मृदुभाषिता की कोई शानी नहीं थी. सभा को एनसीओइए के क्षेत्रीय सचिव, बीएन्डके विजय कुमार भोई, कथारा क्षेत्र के सहायक क्षेत्रीय सचिव कमलेश गुप्ता, सीपीएम बेरमों लोकल कमिटी के सचिव मनोज पासवान एवं अख्तर खान ने भी संबोधित किया.
अध्यक्षता श्याम बिहारी सिंह दिनकर ने की. सभा में समीर सेन, केशो मंडल, सुरेश प्रसाद, श्याम सतनामी, दिना केवट सहीत दर्जनों लोग उपस्थित थे.
