गोमिया: पंसस ने कार्यपालक अभियंता को पत्र देकर जर्जर बिजली तार बदलने की मांग की
Gomia: गोमिया प्रखंड के साड़म पश्चिमी पंचायत में बिजली के जर्जर तार और पोलों की समस्या को लेकर पंसस विष्णु लाल सिंह ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड, तेनुघाट के कार्यपालक अभियंता को लिखित आवेदन सौंपा है. आवेदन में उन्होंने साड़म के विभिन्न इलाकों जैसे राय मोहल्ला, नाई टोला, संतोषी मंदिर, बंगाली टोला, और अन्य स्थानों पर बिजली के तार और पोलों की जर्जर स्थिति का उल्लेख किया है, जो अक्सर टूटकर गिर जाते हैं और इससे जान-माल का नुकसान हो रहा है.
अब तक कई जानवर इन तारों की चपेट में आकर मर चुके हैं. आवेदन में 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तारों को स्थानांतरित करने और कुछ जगहों पर इन्हें अंडरग्राउंड करने का सुझाव दिया गया है, ताकि भविष्य में हादसों से बचा जा सके. इसके अलावा, साड़म बिजली सब स्टेशन के पास बने कल्वर्ट के कारण तार नीचे आ गया है, जिसे सही स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की गई है. पंसस ने इस समस्या का जल्द समाधान करने का आग्रह किया है.
