बेरमो: रैयत विस्थापित मोर्चा ने 14 वां स्थापना दिवस मनाया
Khetko: पेटरवार प्रखंड के खेतको ग्राम में रैयत विस्थापित मोर्चा के 14वें स्थापना दिवस का आयोजन शनिवार को किया गया. यह आयोजन शाखा कमिटी जारंगडीह, कथारा द्वारा खेतको कर्बला मैदान में किया गया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता इस्लाम ने की. अध्यक्ष ने सभा को संबोधित करते हुए रैयत विस्थापित मोर्चा को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की. उन्होंने विस्थापितों के हक और अधिकारों के लिए संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया.
उन्होंने सीसीएल प्रबंधन से मांग की कि विस्थापितों को जमीन के बदले जमीन या नियोजन दिया जाए, साथ ही सभी विस्थापितों को चिकित्सा कार्ड प्रदान किया जाए. उनके बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि विस्थापितों को सीसीएल प्रबंधन से उचित मान-सम्मान मिलना चाहिए और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम 2023 के तहत उनके अधिकारों को लागू किया जाना चाहिए. अगर इन मांगों की अनदेखी की गई, तो विस्थापित आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.
इस अवसर पर मो. बेलाल, सत्तार अंसारी, मो. रसीद, मो. आसीन, अनिल रविदास, मुकेश मुंडा, कलाम अंसारी, मनोज मुंडा, खालिद अंसारी, रहमत हुसैन, सेराज अंसारी, अय्यूब अंसारी, रहमतुल्ला, रहमान अंसारी सहित कई विस्थापित उपस्थित थे.
