बेरमो: कथारा क्षेत्रीय सुरक्षा विभाग और पुलिस ने जारंगडीह में कोयला चोरों के खिलाफ चलाया छापामारी अभियान
कथारा: सीसीएल कथारा क्षेत्र के जारंगडीह परियोजना से हो रही कोयला चोरी को रोकने के लिए कथारा महाप्रबंधक संजय कुमार के निर्देशानुसार, क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त छापामारी अभियान चलाया गया. इस अभियान में क्षेत्रीय गस्ती दल, जारंगडीह गस्ती दल, और बोकारो थर्मल पुलिस (बीटीपीएस) ने मिलकर औचक छापेमारी की. छापेमारी के दौरान कोयला चोर जवानों को देखकर मौके से फरार हो गए.
अभियान के दौरान 6 मोटरसाइकिल और 5 साइकिल, जिनमें कोयला लदा हुआ था, जप्त कर मौके पर ही क्षतिग्रस्त कर दी गईं. बरामद किए गए कोयले को जारंगडीह कोयला स्टॉक में गिरा दिया गया, जिसका कुल वजन लगभग 4 टन था.
गौरतलब है कि 11 सितंबर 2024 को कथारा क्षेत्र के ऑफिसर्स क्लब में कथारा महाप्रबंधक की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी, जिसमें क्षेत्र में हो रही कोयला और लोहे की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई. इस बैठक में बोकारो थर्मल, कथारा ओपी, गोमिया थाना के थाना प्रभारी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. बैठक में कोयला चोरी को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी, और सभी थाना प्रभारियों ने साप्ताहिक औचक छापेमारी करने का निर्णय लिया.
इस निर्णय के बाद कथारा क्षेत्र में दो छापामारी अभियान चलाए गए—पहला 22 सितंबर और दूसरा 28 सितंबर को. हालांकि, कोयला चोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाने में सफलता नहीं मिल पाई है. छापेमारी के कुछ ही समय बाद कोयला चोर फिर से सक्रिय हो जाते हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पुलिस और चोरों के बीच एक प्रकार की ‘चोर-पुलिस’ की भूमिका लगातार जारी है.
