पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने को लेकर मंदिरों में पूजा-अर्चना, समर्थकों में चिंता
गोमिया/रांची
गोमिया के पूर्व विधायक सह पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह के अस्वस्थ होने की खबर से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर साड़म, गोमिया और रांची के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना और विशेष प्रार्थनाएं की जा रही हैं। समर्थक एवं शुभचिंतक भगवान से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पिछले 23 अप्रैल से तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वर्तमान में उनका इलाज रांची स्थित पल्स अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है और बेहतर उपचार कर रही है।

पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह के अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल परिसर में दिनभर लोगों का आना-जाना लगा हुआ है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि माधव लाल सिंह ने लंबे समय तक जनता की सेवा की है और अपनी सादगी एवं ईमानदार छवि के कारण लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई। यही कारण है कि उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए हर वर्ग के लोग दुआ और प्रार्थना कर रहे हैं।
