Homeबोकारोललपनिया के विवेकानंद ने आईएफएस परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया रैंक...

ललपनिया के विवेकानंद ने आईएफएस परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया रैंक 22

ललपनिया के विवेकानंद ने आईएफएस परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया रैंक 22

गोमिया
बोकारो जिला के डीएवी पब्लिक स्कूल ललपनिया के पूर्व छात्र कुमार विवेकानंद ने संघ लोक सेवा आयोग की भारतीय वन सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 22 प्राप्त कर राज्य एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार, मित्रों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
कुमार विवेकानंद की प्रारंभिक शिक्षा ललपनिया डीएवी स्कूल से हुई। छात्र जीवन से ही वे मेधावी रहे और आठवीं कक्षा में उन्होंने NTSE परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। आगे चलकर उन्होंने आईआईटी की परीक्षा सफलतापूर्वक पास की और आइआइटी खड़गपुर से मैन्युफैक्चरिंग साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक तथा इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की।
उनके पिता संतोष कुमार टीटीपीएस में असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता मंजू सिंह गृहिणी हैं। उनका पैतृक निवास बिहार के भोजपुर जिले के बेरथ गांव में है।
कुमार विवेकानंद ने बताया कि तकनीकी क्षेत्र में बेहतर अवसर होने के बावजूद समाज और लोगों से जुड़े रहकर कार्य करने की उनकी गहरी इच्छा ने उन्हें सिविल सेवा की ओर प्रेरित किया। कॉलेज शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। इस दौरान उन्होंने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे और विभिन्न क्षेत्रों में करियर अवसरों को समझने एवं अनुभव करने का प्रयास किया। निरंतर मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने भारतीय वन सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों के सहयोग को दिया। कुमार विवेकानंद ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि देश और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना है। भारतीय वन सेवा में चयन के बाद वे पर्यावरण संरक्षण, वन प्रबंधन और समाजहित से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देना चाहते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!