CCL कथारा के महाप्रबंधक ने किया जारंगडीह पूजा पंडाल का निरीक्षण, सिविल विभाग को दी सख्त हिदायत
कथारा
कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार ने बुधवार की सुबह जारंगडीह पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। बेरमो विधायक प्रतिनिधि विलसन फ्रांसीस ऊर्फ बबलू द्वारा सिविल विभाग की ओर से सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में लापरवाही की शिकायत के बाद महाप्रबंधक मौके पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने देखा कि पूजा पंडाल के पास कॉलोनी जाने वाली सड़क की खुदाई कर उसे अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे मेले में आने वाले भक्तों को असुविधा हो रही थी। तीन महीने पहले ही पूजा कमिटी ने इन समस्याओं की जानकारी सिविल विभाग को दी थी, लेकिन अब तक समाधान नहीं किया गया।
महाप्रबंधक संजय कुमार ने सिविल विभाग के अधिकारियों को कार्य में ढिलाई के लिए फटकार लगाई और हिदायत दी कि भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जो ठेकेदार काम में लापरवाही करेंगे, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
इसके साथ ही विधायक प्रतिनिधि ने क्षेत्र की अन्य कॉलोनियों में फैली गंदगी की समस्या से भी अवगत कराया और बताया कि नवरात्र की सप्तमी तिथि होने के बावजूद सफाई कार्य पूरा नहीं किया गया। उन्होंने यह भी शिकायत की कि सिविल विभाग के अधिकारी कामगारों के फोन नहीं उठा रहे हैं, जिससे समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
महाप्रबंधक ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और कहा कि जल्द ही सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
