बेरमो में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया
बेरमो/डेस्क
बेरमो कोयलांचल में संविधान दिवस विभिन्न सरकारी संस्थानों और कार्यालयों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. गोमिया अंचल कार्यालय में अंचल अधिकारी अफताभ आलम ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई. फुसरो नगर परिषद कार्यालय में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई. नगर परिषद के प्रशासक राजीव रंजन ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है और किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करता. उन्होंने भारत के संविधान को विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान बताया और कहा कि इसे तैयार करने में 2 वर्ष 11 माह और 18 दिन का समय लगा.
सीसीएल ढोरी कार्यालय में संविधान शपथ समारोह
सीसीएल ढोरी जीएम कार्यालय में भी संविधान दिवस के अवसर पर शपथ समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर ढोरी के महाप्रबंधक रंजय सिन्हा ने कर्मचारियों और यूनियन के प्रतिनिधियों को संविधान की शपथ दिलाई. श्री सिन्हा ने कहा कि संविधान हमें देश के किसी भी हिस्से में स्वतंत्र रूप से बसने और जीने का अधिकार देता है. उन्होंने संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि उनके प्रयासों के कारण हमें आज विभिन्न अधिकार मिले हैं.

तेनुघाट महाविद्यालय में संविधान का महत्व समझाया गया
तेनुघाट महाविद्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया. महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुदामा तिवारी ने भारतीय संविधान की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इसके महत्व के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि संविधान ने भारत को संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया है. एनएसएस के अधिकारी प्रो. रावण मांझी ने भी संविधान की प्रासंगिकता पर बात की और छात्रों से अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया.
इन कार्यक्रमों में अंचल कार्यालय, नगर परिषद और सीसीएल ढोरी के कई अधिकारी, कर्मचारी, महाविद्यालय के शिक्षक-छात्र और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
