Homeबोकारोप्रवासी मजदूर की मलेशिया में मौत, शव मंगवाने को लेकर परिजनों ने...

प्रवासी मजदूर की मलेशिया में मौत, शव मंगवाने को लेकर परिजनों ने लगाई गुहार, मंत्री ने लिया संज्ञान

प्रवासी मजदूर की मलेशिया में मौत, शव मंगवाने को लेकर परिजनों ने लगाई गुहार, मंत्री ने लिया संज्ञान

गोमिया/अनंत
बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत करी खुर्द गांव के एक युवक की मलेशिया में मंगलवार को टावर से गिरने से मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने सरकार से शव वापस लाने की गुहार लगाई है.

चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के करी खुर्द निवासी शनिचरा महतो के पुत्र जगदीश महतो 22 वर्ष की मलेशिया में कार्य के दौरान टावर से गिरने से मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल है.

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने लिया संज्ञान
सूबे के मंत्री सह स्थानीय विधायक योगेंद्र प्रसाद ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. उन्होंने कहा कि मृतक का शव लाने के लिए मुख्यमंत्री से बात किया जा रहा है. श्रम विभाग को भी निर्देशित किया जा रहा है कि शव को शीघ्र मंगाने लिए आवश्यक कार्यवाही करें.

बता दे कि जगदीश महतो मलेशिया की एजी पावर कंपनी में कार्यरत थे और घर का एकमात्र कमाने वाला व्यक्ति था. वे अपने पीछे सात वर्षीय बेटी राधिका कुमारी और पांच वर्षीय बेटे आशीष कुमार महतो को छोड़ गए हैं.

इस घटना पर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि मृतक का शव मलेशिया से जल्द से जल्द लाया जाए, ताकि परिजन उसे अंतिम विदाई दे सकें. उन्होंने प्रवासी मजदूरों की लगातार हो रही मौतों पर चिंता जताई और सरकार से झारखंड में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की.

सिकंदर अली ने कहा, “यह पहली बार नहीं है जब झारखंड के प्रवासी मजदूर की विदेश में मौत हुई है. रोजगार के अभाव में राज्य के युवा रोजी-रोटी की तलाश में विदेशों और दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं, लेकिन वहां उनकी स्थिति असुरक्षित बनी रहती है. उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में झारखंड के 47 मजदूर कैमरून में फंसे हुए हैं.

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!