तेनुघाट में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
तेनुघाट
गोमिया विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक एवं झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने तेनुघाट का दौरा कर जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. अतिथि भवन में आयोजित कार्यक्रम में तेनुघाट, सरहचिया, घरवाटांड़ और अलगड्डा पंचायतों के ग्रामीणों ने मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया.
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पानी, बिजली, राशन कार्ड, लाल कार्ड, स्वास्थ्य सेवाओं और मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना से जुड़ी समस्याओं को उठाया. तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के चार माह से बकाया वेतन का मामला सामने आने पर मंत्री ने राइडर कंपनी को तुरंत भुगतान का आदेश दिया.
ग्रामीण जिलापूर्ति योजना और जल नल योजना के तहत अधूरे कार्यों की शिकायतें भी उठाई गईं. घरवाटांड़ पंचायत में पाइपलाइन बिछाने के बाद गड्ढों को भरने में हुई देरी पर मंत्री ने कार्यपालक अभियंता को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जल नल योजना के तहत जहां भी सड़क कटिंग की गई है, वहां सड़क निर्माण की जिम्मेदारी संवेदक की है. गड़बड़ी पाए जाने पर अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इस अवसर पर अशरफ अंसारी, उमेश महतो, चास के कार्यपालक अभियंता रामप्रवेश राम और मंतोष कुमार, सहायक अभियंता शास्त्री साह, ओपी प्रभारी अजीत कुमार समेत कई अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे. मंत्री ने अधिकारियों को अद्यतन रिपोर्ट तैयार रखने का निर्देश दिया ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके.
