Homeबोकारोतेनुघाट में जल सहियाओं का हल्ला बोल, स्मार्टफोन और प्रोत्साहन राशि की...

तेनुघाट में जल सहियाओं का हल्ला बोल, स्मार्टफोन और प्रोत्साहन राशि की मांग को लेकर प्रदर्शन

तेनुघाट में जल सहियाओं का हल्ला बोल, स्मार्टफोन और प्रोत्साहन राशि की मांग को लेकर प्रदर्शन
तेनुघाट/डेस्क
कसमार प्रखंड अंतर्गत सभी पंचायतों की जल सहियाओं ने शुक्रवार को पेयजल स्वच्छता विभाग, तेनुघाट के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. दर्जनों जल सहियाओं ने झारखंड सरकार द्वारा घोषित स्मार्टफोन की मांग उठाई, साथ ही वर्षों से बकाया प्रोत्साहन राशि के भुगतान की भी गुहार लगाई.
जल सहिया संघ की अध्यक्ष मीना देवी ने उठाए सवाल
कसमार प्रखंड जल सहिया संघ की अध्यक्ष मीना देवी ने बताया कि वर्ष 2011 में सरकार द्वारा जल सहियाओं का चयन किया गया था, लेकिन 2019 में घोषित एक हज़ार रुपये मासिक प्रोत्साहन राशि का पूरा भुगतान आज तक नहीं हुआ. उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से 2024 तक पांच वर्षों में जल सहियाओं को मात्र दस हज़ार से सोलह हजार रुपये तक का भुगतान किया गया, जबकि पांच वर्षों में कुल 60 हज़ार रुपये मिलना चाहिए था.
उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में सरकार ने जल सहियाओं का प्रोत्साहन राशि ₹1,000 से बढ़ाकर ₹2,000 करने की घोषणा की थी, लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी पुरानी राशि तक का भुगतान नहीं हुआ है.
स्मार्टफोन योजना पर भी उठाए सवाल
प्रदर्शनकारी जल सहियाओं ने स्मार्टफोन योजना को लेकर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि अधिकारियों के अनुसार स्मार्टफोन खरीदने की राशि उनके खातों में भेज दी गई है, लेकिन 28 फरवरी तक किसी के खाते में कोई रकम नहीं आई है.
“कामकाजी महिलाओं से भेदभाव कर रही सरकार”
प्रदर्शन कर रही जल सहियाओं ने सरकार की “मैया सम्मान योजना” पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि घर बैठे महिलाओं को 2,500 दिए जा रहे हैं, जबकि जल सहियाओं को सिर्फ 1,000 या घोषित 2,000 रुपये भी अब तक नहीं मिल रहे हैं. उन्होंने मांग की कि जल सहियाओं को भी “मैया सम्मान योजना” का लाभ मिलना चाहिए.
बंद मिला कार्यपालक अभियंता का कार्यालय

प्रदर्शन के दौरान कार्यपालक अभियंता का कार्यालय बंद मिला, जिससे जल सहियाओं में और आक्रोश देखा गया. सहायक कार्यालय में मौजूद अधिकारियों से बात करने के बावजूद कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला.जल सहियाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख महिलाएं
इस प्रदर्शन में रेखा देवी, लतिका देवी, निर्मला देवी, अष्टमी देवी, मंजू देवी, मीना देवी, रोहिणी देवी, रीमा देवी, सुनीला देवी, सुलोचना देवी, साजिबुन निशा, प्रमिला देवी, गंगा मानी देवी, चंदा देवी, कुंती देवी, कौशल्या देवी, रीता देवी सहित दर्जनों जल सहिया मौजूद थीं.

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!