Homeबोकारोहाइवा चालक की मौ’त पर ऐश पौंड में हंगामा, मुआवजे और नौकरी...

हाइवा चालक की मौ’त पर ऐश पौंड में हंगामा, मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर धरना

हाइवा चालक की मौ’त पर ऐश पौंड में हंगामा, मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर धरना
बोकारो थर्मल
जरीडीह के कोचागोड़ा में सड़क दुर्घटना में हाइवा चालक की मौ’त के बाद शनिवार को डीवीसी के ऐश पौंड में जमकर हंगामा हुआ। मृतक चालक के परिजनों और सहकर्मियों ने शव के साथ धरना प्रदर्शन किया और 50 लाख रुपये मुआवजा, आश्रित को नौकरी और बच्चों की शिक्षा का खर्च देने की मांग उठाई।
मृतक की पहचान मनोज नायक (40), निवासी कुरपनिया के रूप में हुई है, जो लोटस कंपनी के हाइवा वाहन को चला रहे थे। शुक्रवार देर रात दो वाहनों की टक्कर में उनकी मौत हो गई थी। घटना के विरोध में हाइवा चालकों ने ऐश पौंड पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारी मौके से भाग खड़े हुए और ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह ठप हो गई।
राजनीतिक और सामाजिक नेताओं का समर्थन
इस आंदोलन को कांग्रेस नेता सह मुखिया बबलू सिंह, बीएन महतो, पम्मी सिंह, मुखिया प्रतिनिधि महबूब आलम, भाजपा नेत्री सीमा महतो, मंजुल आलम, पंसस प्रतिनिधि सुनील महतो समेत कई नेताओं ने समर्थन दिया और आंदोलन में शामिल हुए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ऐश पौंड पहुंचे। वहीं, डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो ने डीवीसी प्रबंधन और छाई ट्रांसपोर्टिंग कंपनी से फोन पर बातचीत कर 50 लाख रुपये मुआवजा, नौकरी और बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की मांग की।
मजदूरों ने भी दिया समर्थन
इस आंदोलन को ऐश पौंड में कार्यरत 54 मजदूरों ने भी समर्थन देते हुए धरना-प्रदर्शन में भाग लिया। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, नौकरी और शिक्षा की गारंटी नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
स्थिति तनावपूर्ण, ट्रांसपोर्टिंग ठप
धरना-प्रदर्शन के कारण ऐश पौंड क्षेत्र में हाइवा वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। डीवीसी और ट्रांसपोर्टिंग कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है, जिससे नाराजगी बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!