गोमिया में विधायक निधि से दी गई एंबुलेंस की जांच, संचालकों को मिली हिदायत
अनंत/डेस्क
पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो के विधायक निधि से गोमिया प्रखंड में विभिन्न एजेंसियों को दी गई पाँच एंबुलेंस की जांच की गई. यह एंबुलेंस जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वितरित की गई थीं. गोमिया प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर संचालित इन एंबुलेंसों में हुरलुंग के रोहित पटेल, बड़की सिधाबारा के रीतलाल महतो, चुटे के गणेश महतो, सवांग के मां शारदे सेवा सदन के किशोर स्वर्णकार, हजारी के एनजीओ ऐम ट्रस्ट के दिनेश राम शामिल हैं.
इन एंबुलेंसों के सही संचालन की जांच के लिए गोमिया बीडीओ महादेव महतो और सीओ आफताब आलम ने संचालकों से पूछताछ की. इस दौरान लॉग बुक, सर्विसिंग रिकॉर्ड और मरीजों के परिवहन की जानकारी की गहन पड़ताल की गई.
बीडीओ महादेव महतो ने कहा कि ये एंबुलेंस जिला नजारत की ओर से उपलब्ध कराई गई हैं, और उनकी वर्तमान उपयोगिता की समीक्षा की जा रही है. उन्होंने संचालकों को समय-समय पर एंबुलेंस का रखरखाव, सर्विसिंग और लॉग बुक मेंटेनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि इनका लाभ जरूरतमंद मरीजों को मिल सके. इस जांच के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि कोई एंबुलेंस सही तरीके से संचालित नहीं पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी.
