तेनुघाट की तीन प्रमुख खबरें
उत्क्रमित उच्च विद्यालय चांपी में पूर्व छात्रा खुशी रानी सम्मानित
तेनुघाट
पेटरवार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय चांपी में गुरुवार को विद्यालय की पूर्व छात्रा खुशी रानी को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। खुशी रानी का चयन इंडियन नेवी में हुआ है, जिसे विद्यालय के लिए गर्व की बात बताया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह ने उन्हें डायरी और कलम देकर सम्मानित किया, जबकि कक्षा 9वीं की छात्राओं ने उन्हें बुके भेंट किया। इस मौके पर खुशी रानी की माता नीतू देवी को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के छात्र हिमांशु मरांडी को नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में सफलता पाने पर विशेष सम्मान मिला। इस अवसर पर शिक्षकों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

तेनुघाट में अकीदत के साथ अदा की गई अलविदा जुमे की नमाज
छपरगढ़ा और आसपास के मस्जिदों में रमजान उल मुबारक के अलविदा जुम्मे की नमाज अदा की गई। इस मौके पर मस्जिदों में भारी भीड़ उमड़ी और मुस्लिम धर्मावलंबियों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। तेनुघाट ओपी प्रभारी अजीत कुमार के निर्देश पर पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बनी रही। नमाज में इमाम मुबारक, हाजी मुस्तकीम, हाफिज मुस्लिम, अख्तर हुसैन, इसराफिल अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

जवाहर नवोदय विद्यालय तेनुघाट में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय तेनुघाट में 28-29 मार्च 2025 को दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ ने किया। विद्यालय के प्राचार्य बिपिन कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रतियोगिता में दौड़, लॉन्ग जंप, हाई जंप सहित विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। खेल आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका संतोषी महारा और शिक्षक मुरारी बरनवाल की भूमिका सराहनीय रही। मंच संचालन अन्विता त्रिपाठी और सोनालिका दास ने किया।
