झामुमो के जिला उपाध्यक्ष दुबारा बने घुनु हॉसदा, बोकारो में हुआ भव्य सम्मान समारोह
बेरमो/डेस्क
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से शनिवार को सीसीएल ढोरी के चपरी गेस्ट हाउस में एक भव्य स्वागत सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर घुनु हॉसदा को दूसरी बार बोकारो जिला उपाध्यक्ष और मदन कुमार महतो को बोकारो महानगर सचिव बनाए जाने पर जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चंदन राम ने की जबकि संचालन अजय साव ने किया। समारोह में झामुमो नेताओं, कार्यकर्ताओं और विस्थापितों ने दोनों नव नियुक्त पदाधिकारियों का फूल मालाओं से स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।
सम्मान समारोह के दौरान घुनु हॉसदा ने कहा कि पार्टी की केंद्रीय समिति द्वारा उन पर दोबारा भरोसा जताया जाना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने केंद्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय का आभार व्यक्त किया। हॉसदा ने कहा कि पार्टी में सभी को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेजने की साजिश नाकाम रही और गठबंधन सरकार मजबूती से बनी रही।
वहीं, महानगर सचिव मदन महतो ने कहा कि झारखंड की जनता ने भाजपा को करारा जवाब दिया है। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ‘लाखों महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना’ के तहत बड़ा तोहफा मिला है, जबकि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने महिलाओं के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया।
इस मौके पर विस्थापित नेता सोहनलाल मांझी, अनिल रजवार, शिवचरण मुंडा, मुकेश हेंब्रम, संजय गंझं समेत दर्जनों नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। समारोह में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
