गोमिया प्रखंड में धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद
गोमिया/डेस्क
झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद शनिवार को गोमिया प्रखंड के विभिन्न गांवों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए। उन्होंने श्रद्धा और भक्ति भाव से पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद सबसे पहले गोमिया प्रखंड के बारीडारी पंचायत के ग्राम चुगनू पहुंचे, जहां उन्होंने अखंड हरि कीर्तन में भाग लिया। पूजा स्थल पर माथा टेकते हुए उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इसके बाद वे ग्राम पंचायत बड़की चिदरी और चुट्टे में आयोजित चैती दुर्गा पूजा कार्यक्रमों में पहुंचे। यहां उन्होंने माता रानी का आशीर्वाद लिया और लोगों के सुख, शांति व समृद्धि की मंगलकामना की।
मंत्री ने होसिर के चौधरी टोला, नैया टोली और गोमिया थाना चौक में आयोजित चैती दुर्गा पूजा में भी भाग लिया। मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर उन्होंने सभी के कल्याण की प्रार्थना की।
श्री प्रसाद गोमिया प्रखंड के साड़म में चैती दुर्गा पूजा और चटनियां बाग में रामनवमी की पूर्व संध्या पर आयोजित पूजा समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने माता रानी से सभी के जीवन में सुख और शांति की प्रार्थना की।
इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और मंत्री का स्वागत किया। उनकी उपस्थिति से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा।
