रामनवमी पर महावीरी पताका और शोभायात्रा से गूंजा फुसरो
बेरमो:
रामनवमी के पावन अवसर पर रविवार को फुसरो समेत पूरे बेरमो क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। विभिन्न मंदिरों और घरों में पूजा-अर्चना के साथ महावीरी पताके फहराए गए। वहीं, कई अखाड़ा समितियों द्वारा भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जिसमें घोड़े, झांकियां और बैंडबाजों की धुनों पर थिरकते श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र बने रहे।
फुसरो के हनुमान मंदिर, करगली बाजार, सुभाषनगर, जवाहर नगर, बेरमो ब्लॉक कॉलोनी समेत विभिन्न स्थलों पर पूजा-अर्चना के साथ भगवा ध्वज फहराए गए। करगली बाजार में अखाड़ा कमिटियों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा और ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ पर नजर रखी गई।

जवाहर नगर दुर्गा मंदिर में हवन, कन्या पूजन और विशाल भंडारा का आयोजन
बेरमो:
फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के जवाहर नगर दुर्गा मंदिर में चैत्र नवरात्र की नवमी पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर हवन, कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। बिहार के बांका जिले से पधारे आचार्य अमित बाबा और उनकी टीम ने समाजसेवी शक्ति सिंह एवं उनकी पत्नी रजनी कौर को मुख्य यजमान बनाकर पूजन कराया। कन्या पूजन के पश्चात कन्याओं को प्रसाद व दक्षिणा दी गई।
समाजसेवी सह केडीएस डायरेक्टर शक्ति सिंह द्वारा आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मौके पर जितेन्द्र पांडेय, राजू सिंह, भोला दिगार, गोलू सिंह, उमेश रवानी, विकास सिंह, राहुल कुमार सिंह, पिंटू सिंह, पवन सिंह, मनोज राय, राज चौधरी, प्रशांत चौधरी, दिलीप सिंह, सोनी सिंह आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के दिलीप शर्मा उर्फ गुड्डू शर्मा, टुलु सिंह, विद्याभूषण, दया राम, दीपक सिंह, संजय सिंह, मलकीत सिंह आदि का विशेष योगदान रहा। सोमवार की शाम को माँ दुर्गा का विसर्जन शोभायात्रा के साथ करगली फिल्टर प्लांट के समीप दामोदर नदी तट पर किया जाएगा।

रामनवमी पर कलश यात्रा के साथ अखंड हरिकीर्तन प्रारंभ
बेरमो:
रामनवमी के अवसर पर फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के कल्याणी स्थित जोड़िया शिव मंदिर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई और 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन प्रारंभ हुआ। सैकड़ों महिलाएं, पुरुष और बच्चे कल्याणी स्थित दामोदर नदी तट से कलश में जल भरकर मंदिर प्रांगण तक पैदल यात्रा में शामिल हुए। जय श्रीराम और हनुमान के भजनों व जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
पूजन कार्यक्रम का संचालन यजमान जितेंद्र दुबे के साथ पंडित प्रदीप मिश्रा और रवि कुमार तिवारी ने विधिपूर्वक किया। यह परंपरा वर्ष 1995 से चली आ रही है। मौके पर कमिटी के राकेश कुमार उर्फ छोटू सिंह, गोपाल सिंह, संपत सिंह, बीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, विकास सिंह, भरत सिंह, अंशु कुमार, अविनाश कुमार, उपेंद्र नाथ सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।
