गोमिया में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया महा रामनवमी महोत्सव, निकली भव्य शोभायात्रा
गोमिया/डेस्क
रामनवमी के पावन अवसर पर गोमिया के विभिन्न क्षेत्रों में महा रामनवमी महोत्सव पूरे भक्तिभाव, उल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गोमिया के प्रमुख मंदिरों एवं अखाड़ों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ, साथ ही भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
श्री हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में गोमिया बैंक मोड़ स्थित श्री हनुमान जी मंदिर, धुर्वा मोड़ स्थित श्री हनुमान मंदिर, गोमिया बस्ती के श्री हनुमान मंदिर, पुराना सिनेमा हॉल स्थित श्री बजरंगबली मंदिर, रेलवे स्टेशन के पास श्री हनुमान मंदिर, ससबेड़ा और स्वांग स्थित श्री बजरंगबली मंदिर सहित अन्य कई मंदिरों में भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और पूजा के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
शाम होते ही विभिन्न अखाड़ों द्वारा गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और जय श्रीहनुमान के जयघोष से माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा के दौरान लाठी खेल प्रतियोगिता, झांकी प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया।
गोमिया मोड़, स्वांग वनबी, बैंक मोड़ सहित कई क्षेत्रों में अखाड़ों द्वारा अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सवांग वन वी अखाड़ों के जमावड़ा लगा जहां अद्भुत झांकी का प्रदर्शन किया गया। इस आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं को स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा चना, गुड़, पानी और शरबत वितरित कर सेवा भाव दिखाया गया।
