Homeबोकारोगोमिया: साड़म और तुलबुल क्षेत्र में मंगलवार को बिजली आपूर्ति रहेगी बंद,...

गोमिया: साड़म और तुलबुल क्षेत्र में मंगलवार को बिजली आपूर्ति रहेगी बंद, लगेगा 10 MVA का नया ट्रांसफार्मर

गोमिया: साड़म और तुलबुल क्षेत्र में मंगलवार को बिजली आपूर्ति रहेगी बंद, लगेगा 10 MVA का नया ट्रांसफार्मर

गोमिया/डेस्क
गोमिया प्रखंड क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सशक्त और स्थायी बनाने के लिए विद्युत विभाग की ओर से बड़ा कदम उठाया गया है। अब साड़म विद्युत सब स्टेशन में 10 MVA क्षमता का उच्च क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। इस कार्य के लिए मंगलवार को दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। कार्यपालक अभियंता प्रभाकर कुमार ने बताया कि यह कार्य वरीय अधिकारियों के निर्देश पर किया जा रहा है और इससे भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवा मिलेगी।
अब तक था 5 MVA का ट्रांसफार्मर
साड़म सब स्टेशन में फिलहाल 5 MVA का ट्रांसफार्मर कार्यरत है, जो वर्तमान समय में बढ़ते लोड और उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने में अक्षम साबित हो रहा था। इसके चलते साड़म और तुलबुल फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब 10 MVA का ट्रांसफार्मर लगाए जाने से लोड क्षमता बढ़ेगी और विद्युत आपूर्ति सुचारु हो सकेगी।
कढ़मा सब स्टेशन को मिलेगा नया ट्रांसफार्मर
साड़म सब स्टेशन से हटाया गया 5 MVA का ट्रांसफार्मर अब कढ़मा सब स्टेशन में स्थापित किया जाएगा। यहां वर्तमान में 3.15 MVA का ट्रांसफार्मर कार्यरत है, जो ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है। गर्मी के मौसम में लोड बढ़ने पर बिजली की आपूर्ति में रुकावट आ रही थी। अब नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद यहां के ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
आईईएल कॉलोनी को भी होगा लाभ
कढ़मा सब स्टेशन से हटाया जाने वाला 3.15 MVA का ट्रांसफार्मर अब आईईएल आवासीय कॉलोनी में लगाया जाएगा। इससे कॉलोनीवासियों को स्थिर और बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी, जो लंबे समय से बार-बार बिजली ट्रिपिंग जैसी समस्याओं से जूझ रहे थे।
स्थानीय प्रशासन और विद्युत विभाग की संयुक्त पहल से यह ट्रांसफार्मर अदला-बदली योजना लागू की जा रही है। इससे गोमिया प्रखंड के साड़म, तुलबुल, कढ़मा, आईईएल कॉलोनी और चतरोचट्टी जैसे ग्रामीण इलाकों को लाभ मिलेगा। खासकर गर्मी के मौसम में जब बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे समय में यह बदलाव जनहित में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से मंगलवार को होने वाली अस्थायी बिजली कटौती के लिए सहयोग की अपील की है और इसे भविष्य की बेहतर आपूर्ति के लिए जरूरी बताया है। इस मौके पर विद्युत विभाग के सहायक अभियंता राजेश बिरुवा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!