Homeबोकारोगोमिया समेत जिले के सभी बाल विकास परियोजनाओं में पोषण पखवाड़ा के...

गोमिया समेत जिले के सभी बाल विकास परियोजनाओं में पोषण पखवाड़ा के तहत व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित

गोमिया समेत जिले के सभी बाल विकास परियोजनाओं में पोषण पखवाड़ा के तहत व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित
गोमिया/डेस्क
जिले के सभी 11 बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत बुधवार को पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गोमिया प्रखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बीडीओ महादेव कुमार महतो और सीओ आफताब आलम ने विशेष रूप से भाग लिया और प्रतियोगिता का निरीक्षण कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक भोज्य पदार्थों को बढ़ावा देना और लोगों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना था। प्रतियोगिता में आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा पोषाहार की सामग्री से विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए गए। केक, ढोकला, चिला, खीर, हलवा, लड्डू, ठेकुआ सहित विभिन्न व्यंजन प्रदर्शित किए गए, साथ ही स्थानीय साग-सब्जियों का भी प्रदर्शन किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने स्टॉल पर व्यंजन रखे, जिनका अतिथियों ने निरीक्षण किया और व्यंजनों से संबंधित जानकारी ली। प्रत्येक परियोजना से तीन श्रेणियों में प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सभी बाल विकास परियोजनाओं के कर्मी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि संतुलित और पौष्टिक आहार न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह झारखंड जैसे राज्य को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!