बेरमो: भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता का सम्मेलन आयोजित
पूर्व मंत्री अमर बाउरी और पूर्व सांसद रविंद्र पांडेय ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
बेरमो/डेस्क
भारतीय जनता पार्टी द्वारा फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के कल्याण मंडप, करगली में सक्रिय सदस्यता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए भाजपा की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं चंदनक्यारी के पूर्व विधायक अमर बाउरी ने कहा कि भाजपा आज जिस विशाल स्वरूप में खड़ी है, उसका श्रेय निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र में लगातार 11 वर्षों से भाजपा की सरकार है और देश के कई राज्यों में भी भाजपा सत्ता में है, जो कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
वहीं पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा सिर्फ देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है, और इसका कारण है पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह समाज के हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाए और संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ा रहे।
भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष जयदेव राय ने कहा कि कार्यकर्ता का कोई छोटा-बड़ा दर्जा नहीं होता, हर कार्यकर्ता की अपनी अलग पहचान होती है और पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने में सभी की भूमिका अहम रहती है।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री अनिल स्वर्णकार ने किया। इस अवसर पर मधुसूदन प्रसाद सिंह, विनय सिंह, भारत यादव, प्रकाश सिंह, अर्जुन सिंह, मनोज ठाकुर, ईश्वर प्रजापति, जगन्नाथ राम, देवीदास, राज कुमार ठाकुर, सचिन मिश्रा, ओम प्रकाश सिंह, दिनेश यादव, रमेश स्वर्णकार, टुनटुन तिवारी, सुरेंद्र स्वर्णकार, चंदन राम, राम ताती सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
