जनता मजदूर संघ छोड़ दर्जनों कोयला मजदूर राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन में शामिल
बेरमो
राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (आरसीएमयू) अमलो शाखा द्वारा ढोरी क्षेत्र के एएडीओसीएम (अमलो) एकसाभेशन परिसर में मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जनता मजदूर संघ (जमसं) छोड़कर दर्जनों कोयला मजदूरों ने यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। यह सदस्यता यूनियन के एरिया कार्यकारी अध्यक्ष सह शाखा सचिव गणेश मल्लाह के समक्ष ली गई।
गणेश मल्लाह ने कहा कि विधायक कुमार जयमंगल सिंह पर आस्था रखते हुए मजदूर यूनियन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 30-35 मजदूर यूनियन की रीति-नीति से प्रभावित होकर शामिल हुए हैं। शाखा अध्यक्ष जयराम सिंह, महफूज आलम और प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि यूनियन मजदूरों के हित में कार्य करती है, जिससे संगठन और मजबूत होगा।
पवन कुमार पांडेय ने कहा कि वे पहले जनता मजदूर संघ में थे, पर अब वह मजदूरों की आवाज नहीं बन पा रहा है, इसलिए आरसीएमयू से जुड़ गए हैं। यूनियन में शामिल होने वालों में पवन कुमार पांडेय, जय शंकर उपाध्याय, राजेश्वर दास, संतोष दिगार, सहदेव दिगार, होरी लाल, अशोक कुमार, जिलानी अंसारी, राजू उरांव, राकेश चौधरी, विश्वकर्मा मांझी, हराधन बाउरी, हेमंत कुमार आदि प्रमुख हैं।

कारो परियोजना में कोयला की मांग को लेकर सेल कमेटी ने किया सड़क जाम
बेरमो
सीसीएल बीएंडके क्षेत्र की कारो परियोजना में कोयला की कमी को लेकर शनिवार को सेल कमेटी द्वारा कारो मोड़ पर सड़क जाम किया गया, जिससे कोयला परिवहन बाधित हुआ।
सेल कमेटी के अध्यक्ष मोनु सिंह ने कहा कि ई-ऑक्शन के अनुरूप कोयला उपलब्ध नहीं होने से उठाव प्रभावित हो रहा है। व्यवसायियों ने मांग की कि लोकल सेल के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में कोयला उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि इससे सभी कोयला व्यापारियों को लाभ मिलेगा और सीसीएल को भी अधिक राजस्व प्राप्त होगा।
इस आंदोलन में लोकल सेल से जुड़े सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

करगली रीजनल अस्पताल पूर्व की भांति चालू रहेगा: श्यामल कुमार सरकार
बेरमो
आरसीएमयू के रीजनल अध्यक्ष श्यामल कुमार सरकार ने प्रेस वार्ता में कहा कि सीसीएल के करगली स्थित रीजनल अस्पताल को केन्द्रीय अस्पताल ढोरी में मर्ज नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अब पूर्व की तरह भर्ती और आउटडोर सेवाएं बहाल रहेंगी।
श्यामल कुमार सरकार ने बताया कि सीसीएल डीपी हर्ष नाथ मिश्रा के अनुसार अस्पताल में चार डॉक्टरों सहित समुचित दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही उन्होंने पूछा कि जब उत्पादन का ग्राफ बढ़ रहा है तो मजदूरों की सुविधाओं में कटौती क्यों की जा रही है?
आरसीएमयू बीएंडके क्षेत्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने कॉलोनियों में सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, आवास मरम्मत, पदोन्नति, स्कूल बस आदि समस्याओं को लेकर प्रबंधन से समाधान की मांग की। उन्होंने वेलफेयर कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए संवेदकों का विवरण बोर्ड पर देने की बात कही।
इस अवसर पर जयनाथ तांती, रोशन सिंह, प्रताप सिंह, किशोरी शर्मा, हरिमोहन सिंह, गौतम सिंह गुप्ता, शरण सिंह, राणा सुकुमारी जी आदि उपस्थित थे।
