गोमिया में किसानों को ऊर्जा संरक्षण पर प्रशिक्षण, जरेडा द्वारा अनुदान पर सोलर पंप
गोमिया
गोमिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में झारखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (जरेडा) द्वारा किसानों और अन्य संबंधित हितधारकों के लिए “कृषि क्षेत्र में ऊर्जा संरक्षण” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोमिया प्रखंड के लगभग 65 किसान शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान जरेडा की ओर से प्रधानमंत्री कुसुम योजना की जानकारी दी गई, जिसके तहत किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत चलंत सोलर पंप की भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने किसानों को बताया कि सोलर तकनीक के माध्यम से कैसे ऊर्जा का संरक्षण कर कृषि लागत को कम किया जा सकता है।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों के उपयोग और उनकी लाभप्रदता से अवगत कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में बीटीएम बबलू सिंह, प्रशिक्षक रोहित मित्तल, बीपीआरओ चंदन कुमार, प्रखंड के प्रधान सहायक राजेश कुमार, विएलडब्लू कृष्णकांत ओझा, पंचायत सचिव आशीष कुमार सिंह, रोहित कुमार अग्रवाल, शंकर कुमार यादव और सुनिल पासवान मौजूद रहे।
