Homeबोकारोनावाडीह: महिला ने क्यों कराई हेमलाल पंडित की ह’त्या, पुलिस ने...

नावाडीह: महिला ने क्यों कराई हेमलाल पंडित की ह’त्या, पुलिस ने 48 घंटे में किया उद्भेदन, चार आरोपी गिरफ्तार

नावाडीह: महिला ने क्यों कराई हेमलाल पंडित की ह’त्या,
पुलिस ने 48 घंटे में किया उद्भेदन, चार आरोपी गिरफ्तार
नावाडीह
बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत नक्सल प्रभावित नावाडीह थाना क्षेत्र में बीते 14 मई की रात सिरेय, विष्णुगढ़ (हजारीबाग) निवासी 52 वर्षीय हेमलाल पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्या कांड की गुत्थी पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझाकर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
बोकारो एसपी मनोज स्वर्गियारी ने रविवार को प्रेस वार्ता कर हत्या कांड का खुलासा किया। उनके साथ बेरमो एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह और नावाडीह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी भी मौजूद थे। कांड संख्या 39/25 के तहत मुख्य आरोपी चंदा देवी (हजारीबाग), उसका मित्र प्रकाश सिंह (गिरिडीह), तथा दो शूटर विकास कुमार और डोमन राम (धनबाद) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, एक कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल और एक स्कूटी बरामद की है।
पति की मौत का बदला थी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, मुख्य साजिशकर्ता चंदा देवी ने अपने पति की मौत का बदला लेने के लिए इस हत्या की साजिश रची। उसे शक था कि मृतक हेमलाल पंडित ने झाड़-फूंक के जरिए उसके पति को जहरीला खाना खिलाया था, जिससे उसकी मौत हुई। बदला लेने के लिए उसने अपने मित्र के जरिये धनबाद के शूटरों से संपर्क किया और 3 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें से 2.33 लाख रुपये की अदायगी हो चुकी थी।
हत्या से एक दिन पहले भी हुई थी कोशिश
13 मई को भी हत्या की कोशिश की गई थी। 15 मई को चंदा देवी ने हेमलाल को झाड़-फूंक के बहाने नावाडीह बुलाया। सुनसान और नक्सल प्रभावित इलाके में उन्हें मौका मिलते ही शूटरों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय हेमलाल के साथ उनके पिता तुलसी पंडित भी मौजूद थे।
विधायक ने उठाए थे पुलिस पर सवाल, पुलिस ने दिया जवाब
घटना के बाद विधायक जयराम महतो मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। अगले दिन थाना के बाहर प्रदर्शन और तोड़फोड़ भी हुई। एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है, और वीडियो फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान की जा रही है।
एक अन्य मामले में पुलिस का खुलासा

नावाडीह थाना क्षेत्र में इससे पहले भी पुलिस ने कई मामलों का खुलासा किया है। बीते मार्च में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर चतरा जिले से चोरी की महिंद्रा सवारी वाहन बरामद की गई थी।
पुलिस की कार्यकुशलता की सराहना
लगातार हो रहे आपराधिक मामलों के त्वरित उद्भेदन ने नावाडीह थाना की पुलिस की तत्परता और दक्षता को साबित किया है। इस ताजा सफलता ने न केवल जनता में विश्वास बहाल किया है, बल्कि विधि-व्यवस्था पर उठे सवालों का भी स्पष्ट जवाब दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!