तेनुघाट उपकारा में जेल अदालत एवं कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित
तेनुघाट
सुप्रीम कोर्ट, झारखंड हाईकोर्ट और प्रधान जिला न्यायाधीश बोकारो के निर्देश पर रविवार, 18 मई को तेनुघाट उपकारा में जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी दिग्विजय नाथ शुक्ला एवं राज कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। शिविर के दौरान बंदियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया।
न्यायिक दंडाधिकारी दिग्विजय नाथ शुक्ला ने बंदियों को कानून की बारीकियों से अवगत कराते हुए अपराध से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता सहित अन्य कानूनी जानकारियां भी साझा कीं। वहीं, न्यायिक दंडाधिकारी राज कुमार पांडेय ने बताया कि जेल में हर महीने जेल अदालत और मेडिकल कैंप लगाया जाता है, जिससे बंदियों को स्वास्थ्य एवं विधिक सहायता दोनों मिलती है। उन्होंने यह भी बताया कि जो बंदी निजी वकील नहीं रख सकते, उनके लिए लीगल एड डिफेंस काउंसिल के तहत वकील उपलब्ध कराए जाते हैं।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. शंभू कुमार ने बंदियों को नशे से दूर रहने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। पैनल अधिवक्ता राकेश कुमार ने दहेज प्रथा को अपराध बताते हुए इससे बचने की अपील की, जबकि अधिवक्ता रतन कुमार सिन्हा ने शिक्षा को अपराध से मुक्ति का उपाय बताया।
शिविर का मंच संचालन अधिवक्ता सुभाष कटरियार ने किया और बंदियों को सुधार की राह पर चलने की प्रेरणा दी। धन्यवाद ज्ञापन जेलर नीरज कुमार ने किया। मौके पर डॉ. पूजा कुमारी, निवास कुमार, विजय ठाकुर, संजय यादव, अनीता देवी समेत अन्य उपस्थित थे।
