गोमिया में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगा यात्रा
गोमिया
गोमिया प्रखंड के भाजपा गोमिया, ललपनिया एवं साड़म मंडल की ओर से सोमवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व भाजपा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज ने जबकि सभा की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मोहन कुमार ने किया। तिरंगा यात्रा की शुरुआत बैंक मोड़ स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद यात्रा बैंक मोड़, पोस्ट ऑफिस मोड़, थाना चौक, गोमिया बस्ती, कोठी टांड़ और पुराना सिनेमा हॉल होते हुए गोमिया मोड़ पहुंची। इस दौरान यात्रा में शामिल लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ जैसे देशभक्ति नारों से माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि हाल ही में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों ने पहलगाम में कायराना हमला किया था, जिसका भारत ने मुंहतोड़ जवाब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए दिया। इस ऑपरेशन ने न केवल दुश्मन को करारा सबक सिखाया, बल्कि भारत की सैन्य ताकत और संकल्प को भी दर्शाया है। नेताओं ने कहा कि भारतीय सेना हर मोर्चे पर पाकिस्तान की नापाक कोशिशों को नाकाम कर रही है और देश को गर्व है अपनी सेना पर। इस मौके पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के केंद्रीय सदस्य देवनारायण प्रजापति, जिला महामंत्री अनिल स्वर्णकार, संजय सिन्हा, गोमिया मंडल अध्यक्ष मोहन कुमार, ललपनिया मंडल अध्यक्ष प्रेमलाल साव, साड़म मंडल अध्यक्ष शिवशंकर दुबे, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष गंदौरी राम, मंडल महामंत्री दीपक समेत कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
