हैदराबाद में मंत्री योगेंद्र प्रसाद के छोटे भाई भरत कपूर का आकस्मिक निधन, शोक की लहर
डेस्क
झारखंड सरकार में पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के छोटे भाई भरत कपूर का आज तड़के पौने छह बजे हैदराबाद में आकस्मिक निधन हो गया। वे पिछले 9 दिनों से AIG अस्पताल में इलाजरत थे। उनके असामयिक निधन से मंत्री योगेंद्र प्रसाद और उनका पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
बताया जाता है कि भरत कपूर मंत्री जी के सबसे दुलारे अनुज थे। महज सात महीने पहले विधानसभा चुनाव के दौरान मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने अपने पिता को खोया था, और अब छोटे भाई के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भरत कपूर अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।
भरत कपूर के निधन की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर दौड़ गई। विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान, मुखिया बंटी उरांव, तेजलाल महतो, शांति देवी, अंशु कुमारी, पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, चंद्रदीप पासवान, केदार पंडा, शंभू यादव समेत कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करें।