Homeबोकारोपलायन का दंश: मां की वज्रपात से मौत के दो माह बाद...

पलायन का दंश: मां की वज्रपात से मौत के दो माह बाद युवक की भी हैदराबाद में मृत्यु

पलायन का दंश: मां की वज्रपात से मौत के दो माह बाद युवक की भी हैदराबाद में मृत्यु
गोमिया
पलायन की मार झेल रहे एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गोमिया प्रखंड के चुटे पंचायत अंतर्गत डंडरा गांव के खर्चाबेड़ा टोला निवासी 20 वर्षीय दिलीप मुर्मू की हैदराबाद में रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस संबंध में वार्ड सदस्य दीनू मांझी ने बताया कि दिलीप मुर्मू, पिता लालजी मांझी, आजीविका के लिए दो महीने पहले ही हैदराबाद कमाने गया था। शनिवार रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। बता दें कि दिलीप की मां अनिता देवी की मौत भी इसी साल 9 अप्रैल को वज्रपात की चपेट में आने से हो गई थी। वह महुआ चुनने जंगल गई थी, तभी तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान वह घायल हो गई और मौके पर ही उसकी जान चली गई।
मां के निधन के बाद आर्थिक तंगी से जूझते दिलीप ने रोजगार की तलाश में हैदराबाद का रुख किया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अब उसके साथी उसका शव लेकर गांव लौट रहे हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है, उसकी पत्नी और परिजन बेसुध हैं और ग्रामीणों में शोक की लहर है।
इस घटना ने एक बार फिर पलायन, गरीबी और सुरक्षा की चिंता को सामने ला दिया है, जहां मेहनत की तलाश में गए एक नौजवान की जिंदगी ही खत्म हो गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!