गोमिया में निर्माणाधीन मकान से मजदूर गिरा, अस्पताल में चार घंटे तक रहा माहौल गरम, चार लाख पर हुआ तय
गोमिया
गोमिया प्रखंड के बोराहा टोला निवासी धनेश्वर यादव (30 वर्ष), पिता स्व. नन्हकू यादव की शुक्रवार को एक निर्माणाधीन मकान से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसा गोमिया के महतो टोला में अजित रवानी के घर पर निर्माण कार्य के दौरान हुआ, जहां धनेश्वर सेंटरिंग का काम कर रहा था। काम के दौरान वह ऊंचाई से गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे तत्काल गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक के परिजनों सहित पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
सूत्रों के अनुसार, निर्माण कार्य का ठेका होसिर निवासी संजय यादव के पास था, जिसने मजदूरों को कार्य पर लगाया था। घटना की सूचना मिलते ही मुखिया बलराम रजक, पंचायत समिति सदस्य जनक देव यादव और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष अस्पताल पहुंच गए।
चार घंटे चला मुआवजे को लेकर गतिरोध
मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल परिसर में धरना जैसा माहौल बना दिया। लगभग चार घंटे की चर्चा के बाद चार लाख रुपये मुआवजे पर सहमति बनी, जिसे ठेकेदार पक्ष ने मृतक के परिजनों को देने की स्वीकृति दी।
मृतक की पत्नी और अन्य परिजन इस हादसे से बेसुध हैं। धनेश्वर अपने पीछे एक वर्ष का मासूम बेटा छोड़ गया है, जिसकी परवरिश अब परिजनों के लिए चिंता का विषय बन गई है।
घटना की सूचना पर गोमिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा।
मौके पर उपस्थित ग्रामीणों में शामिल थे:
राजकुमार यादव, मुकेश यादव, रोहित यादव, सुगन यादव, हेमंत यादव, शिवनारायण रविदास, बसंत रवानी, जानकी यादव, हेमिचंद यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।