झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का दिल्ली में चल रहा है इलाज
गोमिया
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है। आज सुबह वे बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे। हादसे में उन्हें सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। पहले उन्हें तत्काल जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली के अपोलो अस्पताल इंद्रप्रस्थ में रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, फिसलने से उनके ब्रेन में चोट और ब्लड क्लॉट हो जाने की बात कही गई है। इलाज कर रहे चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर लेकिन नियंत्रण में है।
इस घटना के बाद झारखंड सरकार और राजनीतिक गलियारों में चिंता की लहर दौड़ गई है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मंत्री रामदास सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा मंत्री को ब्रेन इंजरी और ब्लड क्लॉट होने के कारण दिल्ली एयरलिफ्ट किया गया।
वहीं बोकारो जिला परिषद के पूर्व सदस्य विमल जायसवाल अस्पताल पहुंचे और उन्होंने रामदास सोरेन का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि इलाज जारी है और फिलहाल स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अन्य कैबिनेट सहयोगी लगातार स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।