गोमिया प्रखंड में डिजिटल क्रॉप सर्वे शुरू, शिक्षित युवा की है आवश्यकता
गोमिया
गोमिया प्रखंड में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य चल रहा है। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक बबलू सिंह ने जानकारी दी कि प्रखंड के 36 पंचायतों के अंतर्गत 135 राजस्व गांवों में कुल 1,00,301 प्लॉट का सर्वे किया जाना है। इसके लिए 135 सर्वेयर की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में मात्र 89 सर्वेयर ही कार्यरत हैं, जिसके कारण लक्ष्य को पूरा करना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
अब तक प्रखंड में मात्र 5,079 प्लॉट का ही सर्वे पूरा हो पाया है, जबकि लक्ष्य इससे कई गुना अधिक है। समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए अधिक संख्या में सर्वेयरों की तत्काल आवश्यकता है।
प्रबंधन की ओर से बताया गया कि किसान मित्रों के अलावा रोजगार सेवक, पंचायत स्वयंसेवक, महाविद्यालय के छात्र, प्रगतिशील किसान, एफपीओ सदस्य एवं एनजीओ कार्यकर्ता भी इस कार्य में शामिल हो सकते हैं। प्रत्येक सर्वेयर को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
सर्वेयर बनने के लिए युवाओं को स्मार्टफोन चलाने का ज्ञान होना चाहिए और खेती-बाड़ी का अनुभव भी वांछनीय है। इच्छुक लोग अपने प्रखंड के कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक या सहायक तकनीकी प्रबंधक से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर, आधार नंबर, बैंक अकाउंट विवरण, ईमेल आईडी और जिस राजस्व गांव में सर्वे करना है उसका नाम देना अनिवार्य होगा।