डीएवी पब्लिक स्कूल स्वांग को मिले नए प्राचार्य, ए.के. मिश्रा ने संभाला पदभार
गोमिया (बोकारो)।
डीएवी पब्लिक स्कूल, स्वांग में शुक्रवार को नए प्राचार्य के रूप में ए.के. मिश्रा ने विधिवत योगदान दिया। इससे पूर्व वे डीएवी जामाडोबा में प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे। उनके आगमन पर विद्यालय परिसर में हवन-पूजन का आयोजन किया गया और शिक्षकों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
स्वागत के क्रम में शिक्षक राकेश कुमार पांडेय एवं संजय कुमार पांडेय ने तिलक-चंदन लगाकर तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्हें विद्यालय प्रांगण में प्रवेश कराया। इसके बाद सभी शिक्षकों के साथ उनका औपचारिक परिचय कार्यक्रम आयोजित हुआ।
नए प्राचार्य श्री मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मिलकर विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विद्यालय को और ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प जताते हुए कहा कि इसमें सभी शिक्षकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि डीएवी विद्यालय केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहां सभी सदस्य एक-दूसरे के साथ मिलकर कार्य करते हैं, चाहे वे किसी भी डीएवी स्कूल से जुड़े हों।
इस अवसर पर वरीय शिक्षक निर्मल बेहुरा, वी.के. राय, आर.के. अग्रवाल, एस.एन. राय, संजीव कुमार, बी.सी. बेहरा, विनय कुमार सिंह, आर.के. चौधरी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
